जाफरगंज(फतेहपुर)। पूर्व प्रधान होरीलाल की मौत सिर में गहरी चोट लगने से हुई। बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह चीजें साफ हुईं। पुलिस ने आरोपी के परिचित दो लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा है। अभी तक हत्यारोपी का सुराग नहीं लग सका है।
बता दें कि पूर्व प्रधान होरीलाल यादव की उनके बड़े बेटे धर्मेंद्र ने मंगलवार शाम घर में हत्या कर दी थी। हत्यारोपी ने सीढ़ियों पर सिर को पटक-पटक कर मार डाला। पूर्व प्रधान और धर्मेंद्र के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजन गुुरुवार को अंतिम संस्कार करेंगे। इधर, पुलिस ने आरोपी की तलाश में आंवरखेड़ा गांव में छापेमारी की। हत्यारोपी घटना के बाद आंवरखेड़ा गांव में एक परिचित के घर पहुंचा था। जहां पानी पीने के बाद भाग निकला था। पुलिस ने आंवरखेड़ा गांव के दो लोगों को उठाया है। पुलिस उनसे आरोपी का सुराग लगाने में जुटी है। कार्यवाहक एसओ रामनरेश यादव ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। होरीलाल करीब दस साल गांव के प्रधान थे। इसी वजह से गांव में कुछ लोगों से प्रगाढ़ता और कुछ लोगों से विरोध भी था। परिजनों ने बताया कि पूर्व प्रधान से खुन्नस मानने वाला एक परिवार अक्सर धर्मेंद्र को घर बुलाकर बैठाता था। घर में बैठक और खाना पानी होता था। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया कि धर्मेंद्र मानसिक तनाव में भी रहता था। उसे पिता के खिलाफ खुन्नस मानने वाले परिवार ने अच्छी तरह से भड़का कर उसके मन में नफरत पैदा कर दिया था।