थरियांव। प्रयागराज से सवारियां लेकर शहर आए कैब चालक की कैब और मोबाइल बदमाश लूट कर ले गए। चालक सवारियों को गंतव्य पर छोड़कर वापस जा रहा था। थरियांव के बड़ौदा स्वरोजगार संस्थान के सामने रविवार देर रात कार सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर कार रुकवाई और तमंचे के बल पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में जुटी है।
प्रयागराज जनपद के हंडिया थाना क्षेत्र के आसेपुर सैदाबाद निवासी विकास कुमार ओला कैब चलाता है। रविवार शाम लगभग छह बजे प्रयागराज के अंशुल श्रीवास्तव और उनकी पत्नी को फतेहपुर छोड़ने आया था। सवारियां छोड़कर रात करीब सवा दस बजे लौटा। रात करीब पौने ग्यारह बजे थरियांव थाना क्षेत्र के बड़ौदा स्वरोजगार संस्थान के सामने पीछे से ओवरटेक कर ब्रेजा कार सवार तीन बदमाशों ने कार रुकवा ली। ओला कार चालक के सिर पर तमंचा लगाकर मोबाइल व स्विफ्ट डिजायर कार छीनकर भाग निकले। ओला कैब चालक की सूचना पर मौके पर पहुंची थरियांव पुलिस और एसओजी टीम जांच पड़ताल में जुटी है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि सूचना के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।