31 दिसंबर यानी गुरुवार की आधी रात से नूतन साल शुरू हो जाएगा। नए साल के स्वागत पर हर किसी का अंदाज अलग होगा। कोई पटाखे छुड़ाकर तो कोई डीजे की धुन पर थिकरते हुए नए साल का इस्तकबाल करेगा।
वहीं कोई घर-परिवार अथवा यार-दोस्त के साथ रेस्टोरेंट व होटल मे खुशियां सेलीब्रेट करता नजर आएगा। इन खुशियों में उम्र के बंधन हाशिए पर नजर आएंगे। कहीं पर जंगल लुक पर लजीज व्यंजन का स्वाद उठाया जा सकेगा तो कहीं पर केंडिल की मद्धिम रोशनी में स्वाद जलवा बिखेरता नजर आएगा।
गुरुवार का दिन नए साल के लिए खास होगा, क्योंकि इस दिन 2015 की विदाई होगी तो 2016 का स्वागत होगा। इस जुगलबंदी को हर कोई हाथोंहाथ लेने को आतुर है।
खासकर युवा वर्ग इस सुनहरे पल को किसी भी दशा में हाथ से जाने देने के बजाय उसका लुत्फ उठाता नजर आएगा। शहर में नए साल को लेकर आधी रात बिखरने वाले उल्लास और उमंग को भुनाने के लिए खानपान के ठिकाने कमर कस चुके हैं।
नामी-गिरामी रेस्टोरेंट व होटल गुरुवार रात को मनमोहक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। यहीं वजह है कि इन ठिकानों का लुक बदलने का काम कई दिन से चल रहा है। कुछ ने हुलिया बदल लिया है तो कुछ इसके करीब हैं।
शहर के दिल्ली दरबार मेें हैप्पी न्यू ईयर का मजा जंगल लुुक के बीच लिया जा सकता है। कैंडल की मद्धिम रोशनी और मधुर संगीत आकर्षण का केंद्र होगा।
दिल्ली दरबार के प्रोपराइटर सुनील श्रीवास्तव कहते हैं कि नयापन का अहसास दिलाने के लिए लुक में तब्दीली की गई है। द्विवेदी रेस्टोरेंट एंड बेंकट हॉल भी खुशियों का भागीदार बनने को तैयार हो चुका है। लाइटिंग का काम शेष है। प्रोपराइटर राधारमण द्विवेदी कहते हैं कि ट्रीट मेें आने वालों को बेहतर सुविधा का खास ख्याल रखा जाएगा।
ग्रीन हवेली भी बुधवार को सजती संवरती मिली। इसके प्रोपराइट अजय अवस्थी ने बताया कि ग्राहकों को किसी प्रकार की शिकायत का मौका नहीं दिया जाएगा।