हाईटेंशन लाइन के तार से झुलसी महिला
- फोटो : अमर उजाला
शहर के ज्वालागंज घोसियाना मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से भगदड़ मच गई। एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई और एक गाय की मौत हो गई। इलाकाई लोगों के हंगामे की खबर पर पुलिस और जेई मौके पर पहुंचे। बाद में लाइन जुड़वाकर विद्युत आपूर्ति चालू कराई गई।
मोहल्ला निवासी दउती घोषी के घर के सामने हाईटेंशन लाइन गुजरी है। तार जर्जर होने से अचानक टूटकर गिर पड़ा। दउती की गाय के ऊपर तार गिरा और वह करंट लगने से तड़पने लगी। यह देखकर इलाकाई लोगों में भगदड़ मच गई। गाय को तड़पता देख रुकी रईस की पत्नी अनवरी भी तार की चपेट में आने से झुलस गई। लोगों ने किसी तरह से उसे बचाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। टूटे तार के पास एकजुट होकर मोहल्ले के लोग हंगामा करने लगे। सूचना पर जेई विवेक कुमार और जेई रवि कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
इलाकाई लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी तार नहीं बदले गए है। जेई रवि कुमार ने जल्द ही तार बदलाने का आश्वासन दिया है।