- पुलिस मौके पर जांच को पहुंची, थाने में तहरीर दी गई
फतेहपुर। अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज में बारिश से बचने के लिए गेट के पास खड़े बाइक सवार ग्राम प्रधान की गार्डों ने पिटाई कर दी। प्रधान ने मारपीट के दौरान सोने की अंगूठी छीनने का भी आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।
मलवां थाना क्षेत्र के चक्की गांव के प्रधान विनोद कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर वह काम से शहर जा रहे थे। तेज बारिश होने पर उन्होंने बाइक मेडिकल कॉलेज गेट से दूर बाउंड्री के बाहर खड़ी कर दी और बारिश रुकने का इंतजार करने लगे। आरोप है कि गेट पर तैनात गार्ड ने बाइक हटाने को कहा। उन्होंने बारिश रुकने के बाद बाइक ले जाने की बात कही। गेट के पास अन्य वाहन भी खड़े थे। इसी बात को लेकर गार्ड ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीन-चार अन्य गार्ड भी पहुंच गए और उन्हें मेडिकल कॉलेज परिसर में घसीटकर पीटा। प्रधान का आरोप है कि मारपीट के दौरान एक गार्ड ने उनकी सोने की अंगूठी छीन ली। उनकी अंगुली में कट भी लगा है। उन्होंने घटना की सूचना यूपी 112 को दी। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि पुलिस को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।