संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। जेसीबी के बूम की टक्कर से रविवार को बाइक सवार नाती की मौत हो गई। नानी समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक जेसीबी छोड़कर भाग निकला। चालक को पकड़ने की मांग को लेकर हंगामा हुआ। पुलिस ने परिजनों को शांत कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मलकनपुर मजरे ऐरायां सादात निवासी रोहित लाल (25) नानी धनपतिया को आयुर्वेदिक दवा दिलाने खागा कोतवाली के बरकतपुर गांव गया था। दवा दिलाने के बाद नानी और बरकतपुर निवासी मौसरे भाई रामू को लेकर घर आ रहा था। सुल्तानपुर घोष थानांतर्गत ससुर खदेरी नदी किनारे कृपालपुर के पास सामने से आ रही जेसीबी के बूम से बाइक सवार की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक रोहित लाल की मौके पर मौत हो गई। मृतक की नानी और रामू को हरदों सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां हालत नाजुक देखकर डाॅक्टर ने जिला अस्पताल रेफर किया। चालक जेसीबी छोड़कर भाग निकला।
उधर, हादसे की सूचना पर ग्रामीणों के साथ परिजन पहुंचे। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ने की मांग की। पुलिस ने समझाकर ग्रामीणों को शांत किया। मृतक के छोटे भाई संजय ने बताया कि रोहित लाल मजदूरी करता था। कुछ दिन पहले गांव आया था। थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि मृतक के भाई संजय की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ट्रैक्टर से किसान की कुचलने से मौत
हुसैनगंज। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रविवार शाम किसान को कुचल दिया। हादसे में मौके पर किसान की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के चंदनापुर उर्फ तालिबपुर निवासी छेदीलाल रैदास (40) किसी काम से पैदल चंदीपुर चौराहा आए थे। वह शाम करीब पांच बजे घर जा रहे थे। लखनऊ रोड पर चंदीपुर गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने किसान को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर समेत चालक भाग निकला। दुर्घटना देखकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। मौके पर किसान को मृत पाकर पुलिस को खबर दी। छेदीलाल के मां और पिता की मौत हो चुकी है। वह परिवार का इकलौता सहारा था। वह अपने पीछे पत्नी मंजू, दो पुत्र अंकेश, अभी और तीन पुत्रियां काजल, दिव्यांशी, प्रियांशी को छोड़ गया है। सभी बच्चे नाबालिग हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर सहनीपुर गांव के ग्रामीण का है। उसकी तलाश की जा रही है।
हादसों में तीन लोग घायल
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सातमील के पास चलते ट्रक से उतरने के दौरान मजदूर गिरने से घायल हो गया। थाने के पतरिया फरसी गांव निवासी रोहित मजदूरी करता है। ट्रक से गिट्टी उतारने के बाद घर जा रहा था। चलते ट्रक से सातमील के पास उतरते समय हादसे का शिकार हुआ। उधर, खागा के छीमी गांव निवासी सुरेश साइकिल से कस्बा दवा लेने आ रहा था। रास्ते में बाइक सवार की टक्कर से घायल हो गया। मलवां थाना क्षेत्र के मदारीपुर निवासी अरविंद पाल बाइक से अल्लीपुर सब्जी लेने गया था। सब्जी लेकर लौटते समय खरगू सरांय मोड़ के पास लोडर की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। (संवाद)