मोहम्मदाबाद (फर्रखाबाद)। संदिग्ध हालत में बुधवार को महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मायके वालों के पहुंचने से पहले ही ससुरालीजन शव छोड़कर भाग निकले। मायकेवालों ने ससुरालीजन पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला गुलरिया निवासी अजय पाल वर्मा की पत्नी कीर्ति (25) का शव दोपहर में घर के कमरे में पंखे की कुंडे से साड़ी के फंदे पर लटका था। घर पर कीर्ति अकेली थी। कीर्ति की सास माया देवी व ससुर महेश मोहम्मदाबाद बाजार गए थे। पड़ोसी अजय और अनुपम ने कीर्ति के शव को फंदे पर लटका देखा मायके वालों को सूचना दी।
जानकारी मिलने पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए नमूने लिए। सूचना पर कीर्ति के चाचा कन्नौज जिले के थाना तालग्राम के गांव किसोली निवासी अशोक अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। अशोक कुमार ने ससुरालीजन पर कीर्ति को मार डालने का आरोप लगाया।
जब वह लोग आए तो ससुरालीजन मौके पर नहीं थे। कीर्ति का पति अजय पाल वर्मा कानपुर में प्राइवेट नौकरी करता है। कीर्ती का दो वर्षीय पुत्र कृष्ण है। चाचा अशोक ने बताया कि भतीजी का विवाह वर्ष 2021 में किया था। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं।