बिंदकी। छात्रा हत्याकांड में चौथे दिन भी पुलिस टीमों को संदिग्धों से कड़ी पूछताछ में ठोस सुराग हाथ नहीं लग सके हैं। पुलिस संदिग्धों के बयानों पर उलझी नजर आ रही है। हालांकि अब पुलिस का पूरा फोकस परिवार के इर्द-गिर्द है। परिवार के एक नजदीकी रिश्तेदार पर शक गहराया है। किसी का सटीक कबूलनामा सामने नहीं आया है। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की 14 वर्षीय हाईस्कूल की छात्रा शनिवार शाम को लापता हुई थी। उसका रविवार की सुबह जाफराबाद गांव किनारे बाईपास से शव मिला था। पोस्टमार्टम में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि के बाद हत्या के लिए अब दो ही वजह सामने आई हैं। पहला शक छात्रा से मिलने-जुलने वाले करीबी युवक पर है। दूसरा नजदीकियों की ओर इशारा करता है। छात्रा के परिवार में पिता व सगा भाई नहीं है। पुलिस ममेरे, चचेरे व फुफेरे रिश्तेदारों को उठाकर पूछताछ में जुटी है। पुलिस को यह भी शक है कि गर्भवती होने के पीछे भी किसी करीबी का हाथ हो सकता है। पुलिस ने संदिग्धों को सरकंडी चौकी में रखा है, जहां छानबीन को लेकर पुलिस की गाड़ियां दौड़ती नजर आईं। फोरेंसिक टीम बुधवार को फिर कोतवाली पहुंची। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए संदिग्धों ने कई राज कबूले हैं। संदिग्धों के अलग-अलग बयानों से पुलिस उलझी भी नजर आ रही है। इसी वजह से घटना की कड़ियां भी नहीं जोड़ पा रही है। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि पूछताछ चल रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।