फतेहपुर। शहर से यमुना कटरी को जोड़ने वाला गाजीपुर-विजयीपुर मार्ग सितंबर में बनकर तैयार होगा। अभी तक इस सड़क के बनकर तैयार होने की समय सीमा 30 जून थी। अब सड़क बनकर तैयार होने की समय सीमा बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है। मार्च 2024 में इसका निर्माण शुरू हुआ था।
तीन दशक से शहर को यमुना कटरी क्षेत्र से जोड़ने वाला जर्जर गाजीपुर-विजयीपुर मार्ग इस बार भी बारिश में नहीं बन पाएगा। इसके बनकर तैयार होने की समय सीमा बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है। अभी कौंडर के पास सड़क में गिट्टी भी नहीं पड़ी है। ऐसे में बारिश में यहां से आवागमन करना मुश्किल होगा। यहां पर वाहन फंसने से यातायात बाधित हो सकता है। तीन दशक से बारिश के मौसम में लोग थरियांव होकर आते जाते रहे हैं। सड़क निर्माण के लिए बिछाई गई गिट्टियां बारिश होने पर उखड़ने से बाइक सवार गिर सकते हैं।
33.75 किमी इस जर्जर सड़क के निर्माण के लिए लंबी लड़ाई के बाद 90 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई। 28 फरवरी 2024 को कलक्ट्रेट में लोकनिर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने इस सड़क पर तीन मार्च से काम शुरू कराने का ऐलान किया था। शुरुआत में तो काम में तेजी रही, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे काम सुस्त पड़ गया। अभी तक बेसड़ी मोड़ से कौंडर तक करीब सात किमी सड़क नहीं बन पाई है।