फतेहपुर। कलक्ट्रेट में प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। कहा कि जलजीवन मिशन के अधूरे कामों को जल्द से जल्द पूरा करें।
मंत्री ने निर्देश दिए कि एंटी रोमियो स्कार्ट टीम की पेट्रोलिंग स्कूल, मंदिर, शराब की दुकानों/सार्वजनिक स्थलों के आसपास बढ़ाई जाय। शराब की निर्धारित दुकानों से ही शराब/मादक पदार्थों की बिक्री हो। उन्होंने कहा कि सभी माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर ससमय गुणवत्तापूर्ण ढंग से करते हुए उनका फीड बैक भी लिया जाये। अधिकारी सप्ताह में एक बार क्षेत्र भ्रमण अवश्य करें और जनता से मुखातिब होकर योजनाओं को धरातल पर सही रूप से उतारा जाय, ताकि योजनाओं की मूल सार्थकता सिद्ध हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध दवाओं की रिपोर्ट मांगी। गोशालाओं में गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त छाया व पानी की व्यवस्था रहे, का विशेष ध्यान रखें। मंत्री ने कहा कि गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण करते रहे, इसका विशेष ध्यान रखें कि गेहूं खरीद का कार्य पारदर्शिता के साथ हो। जलजीवन मिशन के तहत अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराए साथ ही जलजीवन के जो कार्य पूर्ण हो गए हैं, जितने परियोजनाओं में नलकूप की बोरिंग हो गई है। उनसे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाय। इस पर डीएम ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि निर्देशों का विभागों द्वारा पालन कराया जाएगा। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, जय कुमार जैकी, जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।