खागा। प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर खागा हाईवे पर गौरैया माता मंदिर के सामने शनिवार रात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स गोरखपुर और क्षेत्रीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा लदा ट्रक पकड़ा था। एएसपी विजय शंकर मिश्र ने रविवार को मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गांजा ओडिसा प्रांत के विशाखापट्टनम से हरियाणा जा रहा था। पकड़े गए चालक ने कबूला है कि ट्रक से पूर्व में भी कई बार गांजा तस्करी कर चुके हैं।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के उपनिरीक्षक रमेश राम ने टीम के साथ ट्रक का वाराणसी से पीछे से किया था। ट्रक को खागा पुलिस के सहयोग से पकड़ा था। भूसी के बोरों के बीच में गांजे की 26 बोरियों में कुल 154 पैकेट के अंदर सात क्विंटल 70 किलो गांजा मिला। चालक पंजाब प्रांत के गुरूदासपुर जिला कलानौर थाना क्षेत्र के बरीला खुर्द निवासी रचपाल सिंह व खलासी सोनू को जेल भेजा गया। रचपाल सिंह के पास से 16 हजार 400 रुपये और मोबाइल बरामद हुआ। एससपी ने बताया कि बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय कीमत तीन करोड़ 85 लाख है। ट्रक स्वामी विजय कुमार पांडेय नई दिल्ली जगतपुर का है। मालिक वर्तमान में राजस्थान प्रांत जयपुर जिले के मास्टर मोहल्ला रहता हैं। मालिक ने ही हरियाणा के लिए गांजा विशाखापट्टनम से लोड कराया था। चालक व खलासी को 50 हजार रुपये मिलने थे। वह पहले भी वह एक बार गांजा इसी तरह से हरियाणा ले जा चुके हैं।