प्रिसंपल से मामले की जानकारी लेते दारोगा।
- फोटो : Amar ujala
शहर के एक स्कूल में टीचर पर छात्रों को पीटने का आरोप लगाकर अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। छात्र-छात्राएं क्लासरूम से बाहर निकल आए। जिससे अफरातफरी का माहौल हो गया। अभिभावक आरोपी टीचर को हटाने की मांग पर अड़ गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में स्कूल प्रबंधक ने टीचर को हटाने की बात कही। जिसके बाद हंगामा शांत हुआ।
शहर के पटेल नगर निवासी बदन सिंह का बेटा अनुपम सिंह चिल्ड्रेन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। कक्षा छह में अनुपम की बहन वंशिका पढ़ती है। अनुपम का आरोप था कि उसकी आंसर सीट खत्म हो गई थी। जिसे लेने के लिए वह बहन के पास जा रहा था, तभी टीचर संगीता ने रोक लिया। वह कुछ कह पाता, इससे पहले ही तमाचा मार दिया। जिससे कान पर तेज दर्द होने लगा। इसके बाद टीचर ने 50 नंबर गेट के पास रहने वाले राम नजर के बेटे कक्षा आठ ए के छात्र अजय सिंह को डंडे से पीटा। टीचर पर अन्य बच्चों को भी पिटने का आरोप लगा।
बच्चों को पीटने की जानकारी पर पहुंचे अभिभावकों ने प्रधानाचार्य आभा सिंह से मिलकर विरोध दर्ज कराया और हंगामा करने लगे। यह देखकर स्कूल के स्टाफ ने प्रबंध तंत्र को इत्तला कर दी। सूचना के बाद जब प्रबंधक सुनील श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे, तो हंगामा जारी था। इसी के कुछ देर बाद सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर अभिभावकों ने टीचर पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करनी शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षाें की बात सुनी। प्रबंधक के आश्वासन पर लोग शांत हुए। सदर कोतवाल महेश पांडेय ने बताया कि अभिभावक और स्कूल प्रबंधन के बीच आपसी सुलह हो गई है। ऐसे में किसी भी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।
आरोपी शिक्षिका संगीता का कहना है कि बच्चों ने उनके साथ अपशब्दों का प्रयोग किया था। गुस्से में आकर पिटाई की है। एक बच्चा तो हद पार कर गया था।
प्रबंधक सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी शिक्षक कल से स्कूल कैंपस में नहीं दिख्राई पड़ेगी।