बिंदकी। नशेबाज पति की पिटाई से क्षुब्ध होकर बुधवार रात महिला ने बेटियों को जहरीला पदार्थ खिलाकर खुद भी खा लिया। उनकी चीख पुकार पर पड़ोसी पहुंचे। तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया। डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर किया है।
कोतवाली क्षेत्र के नौधीखेड़ा गांव में राधिका देवी (32) ने बताया कि पति जय सिंह नशे का लती है। वह नशे में अक्सर मारपीट करता है। पति रात को नशे में घर पहुंचा। उसे व बच्चों को गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसे मारापीटा।
पिटाई से गुस्से में आकर पुत्री शगुन (9) व तृषा देवी (5) को भी जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद खुद भी खा लिया। पुलिस ने सीएचसी में महिला के बयान दर्ज किए। कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।