सिंचाई विभाग के कर्मचारी के सूने घर से रविवार की रात चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। सिंचाईकर्मी बीवी-बच्चों के साथ भांजे की बारात में शामिल होने कानपुर गए थे। चोरों ने एलसीडी समेत लाखों के जेवरात पार कर दिए। भुक्तभोगी सिंचाई कर्मी ने पुलिस को सूचना दी है।
ड्रेनेज खंड में सींच पर्यवेक्षक धुन्नू लाल उत्तरी गौतम नगर में रहते हैं। सींच पर्यवेक्षक की बहन भी आवास विकास में रहती हैं। धुन्नू लाल बेटे के साथ भांजे की शादी में शामिल होने कानपुर के यशोदा नगर गए थे, जबकि पत्नी विमला बेटी के साथ ननद के घर चली गई थी।
ननद के घर से बेटी को साथ लेकर विमला कुमारी रात डेढ़ बजे के लिए घर के लिए चल दी। विमला कुमारी जब घर पहुंची तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा था।
अंदर के लिए जाने वाले दरवाजे की कुंडी को तोड़ा गया था और उसके बाद रोशनदान काट करके आलमारी रखे कमरे में दाखिल हुआ गया।
विमला कुमारी ने बताया कि चोर आलमारी का लाकर तोड़कर तीन तोला सोने के चार कंगन, दो तोला के दो गले के हार, दो तोला की ही दो जंजीरें, दो तोला की सोनी की मोती माला, डेढ़ तोला के दो कान के झाला समेत चांदी के जेवरात पार कर दिए। इसके अलावा चोर घर में रखी महंगी एलसीडी भी उठा ले गए।
उधर, बारात से घर लौटे सींच पर्यवेक्षक ने सूने घर से सात लाख की चोरी की तहरीर दी है। पुलिस ने घटना में करीबी के शामिल होने की आशंका जताई है। सींच पर्यवेक्षक की पत्नी के मुताबिक वह दो बजे से पहले घर लौट आई।