खागा। अपमिश्रित शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खागा पुलिस व आबकारी टीम ने कूरा गांव स्थित देसी शराब की दुकान पर दबिश दी। यहां से टीम ने सेल्समैन व उसके पुत्र को गिरफ्तार किया। दुकान से अपमिश्रित शराब के पौवे, खाली पौवे, ढक्कन, फर्जी क्यूआर कोड बरामद किया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आबकारी निरीक्षक खागा निधि सिंह, इंस्पेक्टर खागा संतोष शर्मा टीम के साथ कूरा गांव स्थित देशी शराब की दुकान पर पहुंचे। यहां पर सेल्समैन रामशंकर व उनका लड़का संदीप निवासीगण मरदनपुर थाना सुल्तानपुर घोष मिले। दोनों लोग दुकान के ऊपर बने कमरे में रहते हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया तो आबकारी टीम ने दुकान की छानबीन की। इस दौरान दुकान में 110 पौवा अपमिश्रित शराब, 40 पौवा खाली, 800 फर्जी क्यूआर कोड कागजात, 1000 ढक्कन व शराब बिक्री का दो लाख 36 हजार रुपया बरामद हुआ।
आबकारी टीम ने सभी चीजों को कब्जे में लिया और एसडीएम व सीओ को सूचित किया। एसडीएम आशीष कुमार व सीओ गयादत्त मिश्र मौके पर पहुंचे और दुकान को सील कर दिया। इंस्पेक्टर खागा संतोष शर्मा ने बताया कि दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। शराब की दुकान के अनुज्ञापी विद्या सागर मिश्र हैं।