विजयीपुर। ग्राम पंचायतों के विकास के लिए उन्हें प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना से जोड़ा जाएगा। इसके लिए ब्लॉक क्षेत्र के चार ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। योजना में ग्राम पंचायतों को 20-20 लाख रुपये विकास कार्य के लिए प्रदान किए जाएंगे।
ग्राम पंचायतों को विकास की धारा से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना से जोड़े जाएंगे। इसमें सड़क, सीसी रोड, खड़ंजा, टाइल्स, विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्र में शौचालय निर्माण व मरम्मतीकरण, पेयजल की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी। आधारभूत संरचनाओं का विकास, ठोस व अपशिष्ट कार्य, सोलर एवं स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
इसमें विजयीपुर ब्लॉक के अमनी, अब्दुल्ला नगर सीठियानी, लाखीपुर व सोनेमऊ ग्राम पंचायतों का चयन हुआ है। बीडीओ शकील अहमद ने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चार ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। जल्द ही वहां विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे।