फतेहपुर। साइबर ठगों ने दुकानदार के खाते में 50 हजार रुपये भेजकर धोखाधड़ी की। साइबर फ्रॉड के रुपये आने के बाद बैंक ने खाते को फ्रीज कर दिया। एसपी के आदेश पर साइबर थाना पुलिस ने सोमवार को चार लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी गौरीशंकर गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 8 अगस्त को चार लोग उनकी दुकान पर आए थे। आरोपियों ने 16 हजार रुपये का सामान खरीदा। नकदी न होने की बात कहकर खाते में 50 हजार रुपये भेजने को कहा। रुपये खाते में आने के बाद आरोपियों ने 34 हजार रुपये नकद लेकर जाने की बात कही। बाद में खाता बंद होने पर वह बैंक पहुंचे। बैंक में जानकारी हुई कि खाते में साइबर फ्रॉड से जुड़े 50 हजार रुपये आए हैं। शिकायत दर्ज होने के कारण बैंक ने खाता फ्रीज कर दिया है। साइबर थाना प्रभारी प्रभांशु शुक्ला ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।