बिंदकी। बैंक से रुपए निकाल घर जा रही महिला से मंगलवार को कागज की गड्डी थमाकर दस हजार रुपये लेकर टप्पेबाज भाग निकला। महिला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस बैंक का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
ललौली थाने के कस्बा निवासी सुल्ला प्रसाद की पत्नी राजरानी का बिंदकी के ललौली रोड बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। बैंक से दस हजार रुपए निकालने के बाद घर जा रही थी। महिला ललौली चौराहे की ओर जाते समय पीछे से एक युवक पहुंचा। उसने बोला कि गड्डी में 100 रुपए अधिक आ गए हैं। गड्डी वापस कर दे और उसने एक दूसरी गड्डी महिला को थमा दी।
महिला से रुपये लेकर आरोपी चला गया। थोड़ी दूर बढ़ने के बाद महिला ने गड्डी देखी। केवल एक 100 रुपए का नोट लगा था। बाकी कागज की गड्डी थी। महिला रोने लगी। वह वापस बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंची। प्रबंधक व अन्य कर्मचारियों को आपबीती सुनाई। कर्मचारियों ने सीसीटीवी कैमरा खंगाला। कोई जानकारी नहीं मिल सकी। कस्बा इंचार्ज अरविंद यादव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।