जहानाबाद थाने में बरामद राधा कृष्ण की मूर्तियां
- फोटो : amarujala
बुढ़वा गांव से चोरी अष्टधातु की राधा कृष्ण की चोरी मूर्तियां 14 दिन बाद पुलिस को बरामद हो गईं। दोनों मूर्तियां नाटकीय ढंग से नलकूप की टंकी से बरामद हुई है। मंदिर से जुड़े लोगों ने मूर्तियों की पहचान की है। पूरे गांव में उत्साह की लहर दौड़ गई। ढोल ताशे बजने लगे और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई। हालांकि मूर्तियों के चोरी जेवरातों और आरोपियों का कोई सुराग नहीं है।
बता दें कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के बुढ़वां गांव स्थित 148 साल पुराने प्राचीन मंदिर से राधा व कृष्ण की मूर्तियां 22 दिसंबर की रात चोरी हो गई थी। पुजारी विशंभरराज मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी मामले का खुलासा नहीं हो सका था। चकलालपुर बीबी उर्फ पिपरहापुर गांव के रिटायर्ड प्रिंसिपल चंद्रप्रकाश ने गुरुवार दोपहर नलकूप की टंकी से पानी का पाइप जोड़ने के लिए मजदूर पप्पू को उतारा। उसके पैरो में मूर्तियां टकराईं तो उसने बाहर निकाला। पानी से बाहर निकालने के बाद मूर्तियों को देखकर मजदूर हतप्रभ रह गया। उसने रिटायर्ड प्रिसिंपल को मूर्तियां सौंपी। यह खबर प्रिंसिपल ने पुलिस को दी। सूचना पर एसएचओ अनिल राय, एसएसआई राजेंद्र सिंह और एसआई प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। मूर्तियां को लेकर थाने पहुंचे। मंदिर के पुजारी और सर्वाकार अशोक गुप्ता ने मूर्तियों की पहचान की। ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। राधा की मूर्ति में पांच ग्राम सोने की बेसर, दोनों मूर्तियों में चांदी के आठ कड़े, दो मुकुट, दो कमर की करधनी चोरों ने पार किया है।
एसएचओ अनिल रॉय ने बताया मूर्तियों का चोरी गया श्रृंगार चोरों के मिलने पर बरामद हो जाएगा। पुलिस के दबाव में चोर मूर्तियां छोड़कर भागे हैं।