फतेहपुर। हथगाम से चौथी में बेटी को विदा कराकर लौट रहे परिवार से भरी बोलेरो हुसैनगंज-हथगाम मार्ग पर बेला मोड़ के पास शीशम के पेड़ से जा टकराई। चीख-पुकार सुन आसपास के लोग पहुंचे। हादसे में दुल्हन के चाचा समेत पांच लोगों की मौत हो गई। दस घायलों में छह को हालत गंभीर देख कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया गया। रेफर होने वालों में दुल्हन भी शामिल है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गोपीपुर गांव निवासी राकेश पासवान की बेटी विमला की शादी 25 फरवरी को हथगाम थाने के नौरंगाबाद निवासी धर्मेंद्र से हुई थी। राकेश बोलेरो से रविवार को चौथी में बेटी को विदा कराकर परिवार समेत लौट रहे थे। बोलेरो में चालक समेत पंद्रह लोग सवार थे।
हुसैनगंज थाने के बेला मोड़ पर बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे की सूचना पर आसपास के लोग व चौराहे पर चेकिंग कर रही पुलिस पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस, लोडर से घायलों को पीएचसी भेजा। डाक्टरों ने हालत नाजुक देखकर सभी को जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में दुल्हन विमला के चाचा और गोपीपुर निवासी रमेश(45), रमेश की बेटी आरती (20), प्रिया उर्फ पट्टू (5), सोनम (8), विमला के फूफा हथगाम थाने के रायपुर निवासी दिनेश की बेटी नेहा(14) को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं राकेश(49), विमला(22), नेकराम का बेटा संदीप (20), बेटी पूनम (12), राकेश की बेटी प्रीती (20), रज्जू की बेटी काजल(13), सीमा (15), रमेश की बेटी शिवानी (18), रज्जू की बेटी माधुरी (17), रज्जू का बेटा अनुज (11) को जिला अस्पताल लाया गया। राकेश, काजल, पूनम, प्रीती को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। बाकी सभी को कानपुर रेफर कर दिया गया। राकेश ने बताया कि हादसे के बाद से चालक सुरेश यादव का कोई पता नहीं लगा है। वह मौके से ही भाग निकला है। थानेदार पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनास्थल में काफी घुमावदार मोड़ है। उसी मोड़ पर बोलेरो अनियंत्रित हुई है।