परवीन के अब्बू अब्दुल रहमान व भाई इमरान।
- फोटो : अमर उजाला
शहर का चर्चित परवीन उर्फ गज्जा हत्याकांड के खुलासे की अहम कड़ी उसके अब्बू व भाई लापता हैं। पुलिस के हाथ चार माह बाद अब उनकी तस्वीर लगी है। तलाश जल्द पूरी हो इसके लिए पुलिस ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। एसपी कलानिधि नैथानी का कहना है कि सूचना देने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा।
बता दें कि हरिहरगंज चौकी क्षेत्र के नप्पीहाता निवासी परवीन उर्फ गज्जा (26) का 21 अप्रैल को घर से हत्यायुक्त शव बरामद हुआ था। वारदात के बाद उसके पिता अब्दुल रहमान और भाई इमरान लापता हो गए थे। काफी छानबीन के बाद भी दोनों का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया था। सर्विलांस पर लगाए गए कई मोबाइल नंबर भी बेकार साबित हुए। बहनोई इस्लाम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। चार माह के बाद भी हत्यारों का सुराग नहीं लग सका है।
वादी पर ही कानपुर की एक महिला रिश्तेदार ने अब्दुल रहमान और इमरान को गायब करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इससे मामला और भी उलझ गया। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि लापता अब्दुल रहमान और इमरान के फोटो को हर जगह प्रसारित करने की जा रही है। किसी को भी फोटो से मिलने जुलने वाला व्यक्ति दिखाई दे तो वह 9454400268, 9454401286 नंबरों पर कॉल कर या व्हाट्सएप पर सूचना दे सकता है। एसपी का कहना है कि सूचना देने वाले का नाम-पता हुलिया गुप्त रखा जाएगा।