जिले में शनिवार को हादसों ने चार लोगों की जिंदगी छीन ली। शहर में हाईवे पर बोलेरो चालक ने एक छात्र को कुचल डाला। खागा के इस्कुरी हाईवे मोड़ पर शनिवार को तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक में घुसने से चालक ने दम तोड़ दिया। उधर, शुक्रवार देर रात हुसैनगंज थाना क्षेत्र में हादसे की शिकार हुई महिला की सांसें थम गईं। वहीं सतनरैनी रेलवे स्टेशन के पास एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हुई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मूसापुर मैकु वापुर निवासी प्रेम सिंह का बेटा पीयूष यादव (15) कक्षा नौ का छात्र था। वह शनिवार दोपहर साइकिल से अपने छोटे भाई आयुष को सेंट मैरी स्कूल लेने जा रहा था। पीछे से आई बोलेरो ने एआरटीओ दफ्तर के सामने साइकिल में टक्कर मार दी। भागने के प्रयास में चालक ने बिसौली गांव के संदीप कुमार की बाइक में भी टक्कर मारी।
भीड़ ने दौड़ाकर बोलेरो चालक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने भीड़ से चालक को बचाया। डाक्टरों ने पीयूष की हालत नाजुक देख उसे कानपुर रेफर किया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि बोलेरो चालक औंग थाना क्षेत्र के थानपुर गांव का करन है। नशे के शक में मेडिकल कराकर कार्रवाई की जा रही है।
खागा प्रतिनिधि के अनुसार, शनिवार को एआरटीओ दफ्तर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने जा रहा तेज रफ्तार बाइक सवार रमेश (22) कोतवाली क्षेत्र के इस्कुरी हाईवे मोड़ पर खड़े ट्रक में जा घुसा। बाइक की हैंडिल मेें हेलमेट लटका था। जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रेत रफ्तार बाइक सवार आगे जा रहे वाहनों को लगातार ओवरटेक कर रहा था। तभी उसने सामने किसी वाहन को आते देखा। रफ्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसा। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे, तब तक मौत हो चुकी थी। महिंचा मंदिर चौकी की पुलिस ने ट्रक पकड़ लिया है।
उधर, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के चंदीपुर गांव के पास अज्ञात महिला को शुक्रवार रात बोलेरो ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था, उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसओ शिवमंगल सिंह ने बताया कि महिला की अभी शिनाख्त नहीं हुई है।
वहीं, खागा कोतवाली क्षेत्र के सतनरैनी रेलवे स्टेशन के पास 25 वर्षीय युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। एसओ मोहम्मद शरीफ खान ने बताया कि रेलवे से युवक के ट्रेन से गिरने की खबर आई थी। मौके पर पुलिस को भेजा गया। ट्रेन से गिरा कोई यात्री हो सकता है। शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।