थरियांव। नउवाबाग कोल्ड स्टोर के पास से युवक का शव बरामद होने के बाद पिता की तहरीर पर थरियांव पुलिस ने पिता-पुत्रों समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या कर शव छिपाने की रिपोर्ट दर्ज की है। युवक के कंकाल पर कुछ मांस बचा था। जिससे गुरुवार देर शाम को पोस्टमार्टम कराया गया। परिजन अंतिम संस्कार को शव गांव ले गए हैं।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के रजीपुर गांव निवासी नयनसिंह का पुत्र जितेंद्र उर्फ जीतू (36) पांच जून को शहर कोतवाली के भैरमपुर गांव निवासी मित्र विमल उर्फ चुनका, एकारी गांव के नीरज के साथ थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसके बाद से लापता हो गया। थाने में आठ जून को गुमशुदगी दर्ज की गई थी। नउवाबाग से बुधवार शाम जितेंद्र का कंकाल रूप में शव बरामद हुआ। परिजनों ने कपड़े, जूते व मौके से मिली बाइक से पहचान की। पिता ने गुरुवार शाम थाने में विमल उर्फ चुनका, लोटन उर्फ वीर प्रकाश व इनके पिता रामप्रकाश और एकारी गांव के नीरज के खिलाफ बेटे की हत्या कर शव छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए बाइक की क्षतिग्रस्त कर निर्माणाधीन पेट्रोल पंप की बिल्डिंग में छिपाई थी। बेटे की मौत से मां देवकली, छोटे भाई सनी व इंद्रजीत का हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के मिलने पर घटनाक्रम का खुलासा होगा।