बिजली के खंभों से लदा ट्रैक्टर पलटने से चार मजदूरों की मौत
हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती
कराया गया है। यह दर्दनाक हादसा शनिवार शाम बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के
दरवेशाबाद पुलिया पर हुआ। हादसे में हताहत मजदूर मलवां थाना क्षेत्र के
अमौरा गांव के हैं।
इन दिनों बिंदकी फिरोजपुर और जनता गांव के बीच
बिजली की लाइन खींची जा रही है। बिजली विभाग का ठेकेदार नागार्जुन कई
मजदूरों को लगाकर काम करा रहा है।
शनिवार को कुछ मजदूर शहर की हाइडिल
कालोनी से बिजली के खंभे लादकर बिंदकी के फिरोजपुर गांव जा रहे थे।
दरवेशाबाद पुलिया पर ट्रैक्टर पलट गया। इससे सभी मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब
गए।
चीख-पुकार सुनकर आए आसपास के लोगों ने किसी तरह मजदूरों को बाहर
निकाला लेकिन तब तक रामजियावन के बेटे पप्पू पासवान (30), शोफलाल के बेटे
रजोले उर्फ रामसिंह (32), रामआसरे के बेटे दिनेश उर्फ मंटोले (25), गंगाधर
के बेटे अनिल उर्फ रघुराई (18) की मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना पर आए
पुलिस के साथ आए एसडीएम जेएन सचान, सीओ आरके वर्मा ने गंभीर रूप से घायल
वीरेंद्र, संतलाल, अजय और राजाराम को जिला अस्पताल भेजा।
दुर्घटना की खबर
सुनते ही अमौरा गांव से परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने
मृतक आश्रितों को पारिवारिक लाभ योजना से तीस-तीस हजार रुपये की आर्थिक मदद
का भरोसा दिया। इसके अलावा किसान दुर्घटना बीमा योजना से भी लाभ दिलाने का
आश्वासन दिया।