फोटो-31-असोथर थाने में पकड़े गए आरोपी। स्रोत: पुलिस
असोथर। थाना क्षेत्र के सरकंडी खास गांव में जमीन बंटवारे और सहन में बल्ली लगाकर घेराबंदी को लेकर हुए विवाद में भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, फावड़ा और सब्बल भी बरामद किया है। कोर्ट के आदेश पर सभी को जेल भेज दिया गया है।
गांव निवासी प्रद्युम कुमार की सहन की भूमि पर बल्ली लगाकर कब्जा करने को लेकर मंगलवार सुबह भाइयों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई दशरथ उर्फ संदीप पक्ष की ओर से हुए हमले में प्रद्युम और उनके पिता भगवानदीन घायल हो गए थे। जिला अस्पताल ले जाते समय प्रद्युम की मौत हो गई थी। मामले में छोटे भाई छोट्टन कुमार की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।
प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि वांछित चार आरोपियों में प्रद्युम के छोटे भाई कमलेश और भाभी केवल कुमारी पत्नी दशरथ उर्फ संदीप को मनावा मोड़ से गिरफ्तार किया गया। वहीं बड़े भाई दशरथ उर्फ संदीप निषाद और उसके साले लवलेश को थाना किशनपुर क्षेत्र के रमसगरा गांव से पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि कमलेश के पास से एक कुल्हाड़ी बरामद हुई। दशरथ उर्फ संदीप की निशानदेही पर फावड़ा और लवलेश की निशानदेही पर सब्बल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पारिवारिक विवाद और कहासुनी के बाद गुस्से में मारपीट करने की बात स्वीकार की है।
फोटो-31-असोथर थाने में पकड़े गए आरोपी। स्रोत: पुलिस