चौडगरा। घर के बाहर खेलते समय लापता बच्ची का चौथे दिन तालाब में खोजबीन के दौरान शव मिला। परिजनों में कोहराम मच गया।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गांव मौहार निवासी मुन्ना लोधी ट्रैक्टर चालक हैं। उनकी चार वर्षीय पुत्री जान्हवी घर के बाहर 16 जून की शाम को खेल रही थी। वह अचानक लापता हो गई। परिजन और पुलिस बच्ची की खोजबीन में जुटे थे। कोई सुराग नहीं लग सका था। घर के पास एक तालाब है। तालाब गंदगी से पटा है। इसी वजह से लोग तालाब में ऊपरी हिस्से पर ही खोजबीन कर रहे थे। बच्ची का पता नहीं लगने पर सोमवार को तालाब में फिर से तलाश की गई। तालाब के किनारे हिस्से में ही बच्ची का डूबा शव मिला।
शव देखते ही मां कांती बदहवास हो गई। मुन्ना लोधी ने बताया कि कूड़े में कोई सामान देखकर बच्ची निकालने पहुंची होगी। धोखे से तालाब में डूब गई होगी। प्रभारी निरीक्षक आनंद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई बात सामने आती है तो उस पर जांच की जाएगी।