नोट बंदी के बाद जिले की बैंकों में कैश का संकट बना हुआ है। बुधवार को अलग अलग बैंकों में करेंसी न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने मारपीट और हंगामा किया। मामलों में कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
मलवां प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को बैंक आफ बड़ौदा में सुबह से लोग तो कैश नहीं मिला। इसी दौरान बैंक पानी लेकर जा रहे एक कर्मचारी को लोगों ने रोक लिया और मारपीट की। जानकारी पर पुलिस ने पहुंचकर शांत कराया। उपभोक्ता मुुन्नी लाल यादव, राम बहादुर, वंदना, सुषमा, वीरेंद्र, शिव सेवक, शिव मंगल ने बताया कि शाखा प्रबंधक कैश बांटने में मनमानी करते हैं। आम लोगों से कहते हैं कि कैश नहीं है पर बैक डोर से चहेतों को कैश बांटते हैं। वहीं शाखा प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने कहा कि आरोप गलत है। जो कैश मिलता है उसे बांटा जा रहा है।
असोथर प्रतिनिधि के अनुसार बैंक आफ बड़ौदा में कैश न होने पर नाराज भीड़ ने बैंकक गेट पर ताला लगाकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया। ललित कुमार सैनी, राहुल, सुरेश, अंकित, राजेश, राम किशोर, मुन्ना, विनोद, विजय, ओम प्रकाश ने बताया कि कई बार खाली हाथ लौट चुके हैं। क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में भी पहुंचने वाले ग्राहकाें ने कैश न मिलने पर नाराजगी जताई।
खागा प्रतिनिधि के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों की बैंकों में दिन भर हंगामा होता रहा। विजयीपुर बीओबी शाखा में साढ़े 12 बजे कैश खत्म होने की बात सामने आई तो मौजूद ग्राहकों ने हंगामा शुरू कर दिया। मारपीट से बचने को बैंक कर्मचारियों को पुलिस बुलानी पड़ी। किशनपुर थाना के एसएसआई रामकुमार पुलिस बल के साथ आए और ग्राहकों को समझाकर शांत कराया। कोशिया बानो, प्रभा देवी, ओमनाथ सिंह, रेखा देवी, राजकुमार, परमेश सिंह ने बताया कि बैंक कर्मी अपने चहेतों को अंदर बुलाकर भुगतान कर रहे हैं।
कई बार चक्कर काटने के बाद भी रुपये न मिलने से जनता का धैर्य टूटता जा रहा है। बकेवर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर (मझिलेगांव) ग्रामीण बैंक में महिलाओं ने ताला डालकर हंगामा किया। इसी बैैंक में खुद की शादी के लिए रुपये निकालने आई युवती कैश न मिलने पर बेहोश होकर गिर गई।
चौडगरा प्रतिनिधि के अनुसार शाहजहांपुर की बैंक में बुधवार को आक्रोशित महिलाओं ने बैंक कर्मियों के आने के पहले ताला लगा दिया। दो बजे तक बैंक कर्मियों को अंदर घुसने नहीं दिया। एसओ बकेवर विनोद कुमार सिंह के समझाने पर पब्लिक शांत हुई। वहीं शाहजहांपुर के प्रेम की बेटी सोनी की बारात आठ दिसंबर को आनी है। सोनी कई दिन से पैसा निकालने आ रही है। रोज खाली हाथ लौट रही थी। बुधवार को भी रुपये न मिलने पर वह सदमा खाकर जमीन पर गिर पड़ी। उसे बेहोशी हालत में परिजन कानपुर लेकर चले गए।
वहीं रामचंद्र की पत्नी छेद्दा ने बताया कि उसकी पुत्री रश्मि की शादी दो दिसंबर को, शिवलाल के पुत्र अनिल की शादी एक दिसंबर को, अवध बिहारी की पुत्री गोल्डी की शादी दो दिसंबर, देशराज की पुत्री शालू की शादी आठ दिसंबर को है। वहीं मवइया गांव निवासी समल सिंह के पुत्र अनिल की शादी दो दिसंबर को, इसी गांव के शिवानंद की दो पुत्रियों अर्चना, रेखा की शादी दो दिसंबर को होनी है। शाखा प्रबंधक जीएस सेंगर ने बताया कि जो नई करेंसी आई है, उसमें शादी वाले ग्राहकों में पांच से दस हजार रुपये तक बांटे गए है।
बैंकों में नए व चलन वाले नोट पर्याप्त मात्रा में न होने से परेशान लोग हर जुगत में लगे हैं। शहर के पटेल नगर चौराहा स्थित एक शापिंग मॉल में स्वैप मशीन की भी सुविधा है। इसका उपयोग एटीएम, क्रेडिट व डेबिट कार्ड होने पर किया जा सकता है। कार्डधारक खाली जेब आकर खरीदारी कर सकते हैं। बुधवार को इंट्री गेट से लेकर सड़क तक लोग लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। वी मार्ट से निकले सिविल लाइंस के अंशुल ने बताया कि दोस्त की बारात जानी है। नोट बंदी के बाद जेब पूरी तरह से कड़की है। आज सुबह डेबिट कार्ड से आकर भुगतान किया और बारात में संजने का इंतजाम हो गया।