कलेक्ट्रेट में चल रही नामांकन प्रक्रिया का जायजा लेतीं डीएम सेल्वा कुमारी जे.।
- फोटो : Amar ujala
जिले में चौथे चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया तगड़े सुरक्षा पहरे के बीच सोमवार से शुरू हो गई। पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने पर्चा नहीं भरा। अलग-अलग विधानसभा सीट के लिए 37 लोगों ने नामांकन पत्र लिए। सबसे ज्यादा पर्चे सदर सीट से लिए गए। खागा सीट के लिए महज एक नामांकन पत्र लिया गया।
नामांकन की प्रक्रिया कलेक्ट्रेट के अलग-अलग प्रशासनिक कोर्ट चैंबर में ठीक 11 बजे चालू हो गई। तीन बजे तक विधानसभावार बने चैंबरों में इस प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। जहानाबाद सीट के नामांकन कक्ष पर आरओ रामचंद्र की नजर रही, तो बिंदकी नामांकन कक्ष में आरओ सत्य प्रकाश सिंह सक्रिय नजर आए। सदर सीट के नामांकन कक्ष में आलोक रंजन मोर्चा संभाले थे, तो अयाहशाह नामांकन कक्ष में एएसडीएम छत्रपाल। इसी प्रकार हुसैनगंज के नामांकन की प्रक्रिया पर आरओ सोमनाथ वर्मा और खागा नामांकन कक्ष में अविनाश राय मौजूद थे।
सुबह के पहर इक्का-दुक्का लोग ही नामांकन पत्र लेने कलेक्ट्रेट पहुंचे। राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों के समर्थक नामांकन पर्चा ले गए। 22 नामांकन पत्र दलीय प्रत्याशिता के नाम पर हासिल किए गए। शेष निर्दल उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र लेने आए। सबसे ज्यादा 11 नामांकन पत्र सदर विधानसभा सीट के लिए दिए गए। इसके बाद नंबर अयाहशाह विधानसभा सीट का रहा। यहां पहले दिन पर्चा लेने को 10 लोग सामने आए। इसी प्रकार से हुसैनगंज सीट के लिए आठ पर्चे लिए गए। जहानाबाद से चार, बिंदकी से तीन और खागा सीट के लिए महज एक नामांकन पत्र हासिल किया गया।
डीएम और एसपी ने लिया जायजा
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सुबह नौ बजे डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने एसपी बलिकरन सिंह यादव के साथ सभी नामांकन कक्षों में पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कार्मिकों से आयोग की गाइड लाइन पर काम करने की हिदायत दी। आरओ को निर्देशित किया कि नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ पांच समर्थक से ज्यादा नहीं आने चाहिए। कहा कि प्रत्याशी जहां से जुलूस निकालें, टीम भेजकर वहां वीडियोग्राफी कराएं।