प्रेमनगर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के नौबस्ता गंगा घाट रविवार को गंगा स्नान के दौरान एक बच्चा समेत पांच लोग डूब गए। एक हादसे में बच्चे की मौत हो गई। दूसरे हादसे में किशोर लापता है। किशोर के तीन साथी सुरक्षित निकाले गए हैं। एसडीआरएफ की टीम किशोर की तलाश में लगी है।
खागा कोतवाली के खासमऊ गांव निवासी जसवीर सिंह का पुत्र प्रिंस (16), धर्मचंद्र द्विवेदी का पुत्र आकाश द्विवेदी (20), स्व. जगनायक सिंह का पुत्र अजय सिंह (18), उदयवीर सिंह का पुत्र अनुज सिंह (20) रविवार सुबह बाइक से गंगास्नान करने नौबस्ता घाट पहुंचे थे। चारों नदी में खेलकूद के दौरान गहराई में चले गए। डूबने पर शोर मचाया। आसपास मौजूद गोताखोरों ने नदी में कूदकर आकाश, अजय सिंह व अनुज सिंह को सकुशल निकाल सके। प्रिंस लापता हो गया। एएसपी विजय शंकर मिश्र, फायर ब्रिगेड, स्थानीय गोताखोर, एसडीआरएएफ, पीएसी टीम मौके पर पहुंची। कांटा व जाल डालकर खोजबीन चालू की गई है। शाम तक पता नहीं लग सका है। नौबस्ता घाट से कुछ दूरी पर आदित्य (7) डूबा है। आदित्य सुल्तानपुर घोष थाने के नौरंगाबाद निवासी पिंटू लोधी का पुत्र है। वह पिता के साथ गंगा स्नान को पहुंचा था। उसका शव कुछ देर बाद ही निकाला जा सका। एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि लापता किशोर की तलाश कराई जा रही है।
गंगा घाट में डूबने वाले किशोर का रेस्क्यू के दौरान शाम तक पता नहीं लगा। टीमें सुबह से तलाश में जुटेंगी। वहीं बच्चे और किशोर के परिजनों का हाल बेहाल दिखा। खासमऊ गांव का लापता प्रिंस परिवार का बेटा था। वह दीनदयाल आश्रम पद्धति खासमऊ में पढ़ता था। उसकी चार बहन प्रियंका, प्रीती, पूजा व निधि हैं। दो बहनें शादीशुदा हैं। बहनें व मां रोती बिलखती दिखी। पिता गुजरात के सूरत में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। उधर, आदित्य की मौत से परिवार बेहाल दिखा। पिता पिंटू घाट किनारे खुद को कोसता दिखा।