फर्रुखाबाद। घर में अकेली रह रही वृद्धा की हत्या की घटना का पुलिस तीसरे दिन भी खुलासा नहीं कर सकी। पुलिस की टीमों ने सूचना देने वाले पड़ोसी युवक समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। पांचों से पूछताछ की जा रही है। अभी भी पुलिस की टीमें कुछ और संदिग्धों को तलाश रही हैं।
हरदोई के सवायजपुर के गांव मिरलगवां निवासी कल्लू बाथम की पत्नी रेशमा बाथम (60) की शहर कोतवाली के देवरामपुर गीतापुरम में हुई हत्या का पुलिस शनिवार को भी खुलासा नहीं कर सकी। हालांकि चारों टीमों ने कुल पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की रात से ही पड़ोस की महिला पुलिस की हिरासत में है।
यही नहीं जिस युवक ने ताले टूटने की सूचना दी थी, पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे कई बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि सर्विलांस पर मोबाइल नंबर लगने के बाद कई तथ्य सामने आ रहे हैं। गीतापुरम में वारदात वाली रात घटनास्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों की भी पुलिस बारीकी से जांच रही है। हालांकि अभी तक पुलिस किसी निर्णय पर नहीं पहुंची। रेशमा के परिजनों का पड़ोस की महिला और उसके मिलने वालों पर ही शक है।
कोतवाल विनोद शुक्ला ने बताया कि जांच पड़ताल चल रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस ने जिन लोगों को हिरासत में लिया है, उनमें से एक की सिफारिश करने हिंदूवादी संगठन की महिला नेत्री कोतवाली में डटी रही। वह युवक को निर्दोष बता रहीं थीं। पुलिस ने पूछताछ के बाद सच पता चलने पर छोड़ देने की बात कही।