फतेहपुर। शहर में बिजली उपभोक्ताओं के घर और प्रतिष्ठानों पर जनवरी से स्मार्ट मीटर लगने शुरू हो जाएंगे। स्मार्ट मीटर लगने के बाद मोबाइल फोन सेवाओं की तर्ज पर रिचार्ज करने पर ही बिजली आएगी। स्मार्ट मीटर लगाने के लिए चयनित कंपनी ने काम शुरू कर दिया है।
जिले में करीब चार लाख बिजली के उपभोक्ता हैं। इनके घरों-प्रतिष्ठानों में अभी साधारण मीटर लगे हैं। अक्सर इन मीटरों के माध्यम से गलत बिल बनने की शिकायत आती है। कई मामलों में तो बिल आने के बावजूद उपभोक्ता उसे जमा नहीं करते। वर्तमान में जिले में करीब 2.50 लाख उपभोक्ताओं पर 500 करोड़ रुपये से अधिक का बिल बकाया है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल वसूलने की समस्या से निजात मिलेगी। स्मार्ट मीटर लग जाने के बाद लोगों को बिजली के लिए इन्हें रिचार्ज कराना होगा। रिचार्ज की धनराशि खत्म होते ही बिजली आपूर्ति खुद ही बंद हो जाएगी।
ऊर्जा निगम ने जिले में स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए टेंडर के जरिए जीएमआर कंपनी का चयन किया है। पहले चरण में शहरी क्षेत्र में करीब 30 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। जनवरी से स्मार्ट मीटर लगने का काम शुरू हो जाएगा।
......................
कोट जिले में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए मुख्यालय से जीएमआर कंपनी को टेंडर मिला है। जल्द ही शहरी क्षेत्र में मीटर लगने शुरू हो जाएंगे। - प्रमोद अग्निहोत्री, अधीक्षण अभियंता, ऊर्जा निगम।
..................