फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehpur News: पहले काटा कनेक्शन, बाद में जोड़ने के मांगे रुपये

Sun, 24 Mar 2024 01:02 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
- तीन माह से परेशान कर रहा था एसडीओ, बिल में भी कर चुका है हेरफेर
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। विजिलेंस टीम के जरिए रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़े गए एसडीओ ने पहले पीड़ित का कनेक्शन काटा। बाद में वह कनेक्शन जोड़ने के नाम पर रुपयों की मांग करने लगा। एसडीओ तीन माह से पीड़ित को परेशान कर रहा था। इससे पहले भी वह बिल जमा कराने को लेकर हेरफेर कर चुका है। शुक्रवार शाम को शहर के वर्मा चौराहे के नजदीक आईटीआई रोड पर विजिलेंस प्रयागराज की टीम ने चौडगरा विद्युत उपकेंद्र में तैनात एसडीओ अंशुल शर्मा को रंगे हाथ 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते दबोचा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के चौडगरा के समीप गांव रामपुर में प्लांट लगाकर केएसपी इंफ्रास्ट्रक्चर और डेवलपर्स कंपनी रेलवे का ठेका लेकर निर्माण कार्य कर रही है। प्लांट की देखरेख जाफरगंज थाना क्षेत्र के गांव अंगदपुर निवासी हरिनाम सिंह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में प्लांट पर आठ किलोवाट का बिजली का व्यवसायिक कनेक्शन था। करीब तीन माह पहले एसडीओ ने पहुंच कर प्लांट का लोड अधिक बताया और कनेक्शन काट दिया। इसके बाद उनके बकाया बिल को भी अधिक बता कर उसमें हेरफेर की। हालांकि बाद में बिल को दुरुस्त कर उसका भुगतान कर दिया गया। लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं किया। पीड़ित ने कई बार एसडीओ से कनेक्शन जोड़ने का आग्रह किया तो उसने 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। उसने इतनी रिश्वत देने में असमर्थता जताई। इसके बाद 20 मार्च को उनके बीच दोबारा बात हुई और एसडीओ 15 हजार रुपये लेकर कनेक्शन जोड़ने को तैयार हो गया। पीड़ित ने विजिलेंस टीम से शिकायत की। इसके बाद शुक्रवार शाम को पूरी तैयार के साथ विजिलेंस टीम शहर पहुंची। यहां टीम ने डीएम कार्यालय से गवाही के रूप में दो कर्मचारियों को साथ लिया। उसके बाद पूरा जाल बिछाकर रात करीब आठ बजे एसडीओ को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।
-
कोर्ट में पेश कर भेजा जेल
आरोपी एसडीओ को गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस टीम उसे पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस ले गई। वहां एसडीओ से करीब दो घंटे तक पूछताछ चली। इस दौरान सूचना पर वहां अधीक्षण अभियंता एसके लोहाट, अधिशासी अभियंता राम अवध यादव सहित ऊर्जा निगम के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात तक चली पूछताछ के बाद टीम एसडीओ को बनारस स्थित विजिलेंस कोर्ट ले गई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि शनिवार को टीम ने एसडीओ को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन

-
संविदाकर्मियों ने एसई से की शिकायत
जनवरी में चौडगरा विद्युत उपकेंद्र में तैनात संविदाकर्मियों ने तत्कालीन अधीक्षण अभियंता प्रमोद अग्निहोत्री से एसडीओ के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि एसडीओ अधिक काम कराने के साथ आए दिन उन्हें नौकरी से बाहर निकालने की धमकी देते हैं। बताया जा रहा है कि एसडीओ ने मई 2023 में चौडगरा विद्युत उपकेंद्र का चार्ज लिया था। इससे वह पहले आगरा में तैनात था। जबकि वह मूलरूप से अलीगढ़ का रहने वाला है।
विज्ञापन

-
एसडीओ निलंबित, सौरभ सैनी को मिला चार्ज
ऊर्जा निगम ने एसडीओ अंशुल शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। घटना के बाद ऊर्जा निगम के अधिकारी भी सन्न हो गए। हालांकि विभाग ने एसडीओ के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। अधिशासी अभियंता राम अवध यादव ने बताया कि जल्द ही एसडीओ को बर्खास्त किया जाएगा। वहीं निगम ने जहानाबाद एसडीओ सौरभ सैनी को चौडगरा उपकेंद्र का अतिरिक्त चार्ज दिया है। अधीक्षण अभियंता एसके लोहाट ने बताया कि मुख्यालय से तैनाती मिलने के बाद जल्द ही चौडगरा में नए एसडीओ को नियुक्त किया जाएगा।
-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें