बकेवर। बिंदकी कोतवाली में घर पर रिवॉल्वर से गोली चलने से एक महिला घायल हो गई। गोली महिला के दाहिने हाथ के कंधे पर लगी है। पति व मोहल्ले के लोग उसे बिंदकी सीएचसी लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर वहां से कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। महिला को अभी तक होश नहीं आया है। परिजनों ने रिवॉल्वर सफाई के दौरान गोली चलने की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र के बरेठी गांव के रहने वाले मुर्शीद, अपनी पत्नी मारिया (28) के साथ कई साल से अपनी ससुराल कंशमीरीपुर थाना बकेवर में रह रहे हैं। मुर्शीद मकान निर्माण की ठेकेदारी करते हैं। उनके पास लाइसेंसी रिवॉल्वर है। शुक्रवार सुबह 11 बजे मोहल्ले के लोगों ने मुर्शीद के घर के अंदर अचानक रिवॉल्वर से फायर की आवाज सुनी। लोग दौड़कर उनके घर पहुंचे तो देखा कि मारिया खून से लथपथ पड़ी थी। मुर्शीद व स्थानीय लोग मारिया को लेकर तुरंत बिंदकी पहुंचे और फिर कानपुर ले गए। इंस्पेक्टर बकेवर ने बताया कि मुर्शीद से बातचीत हो रही है।
फिलहाल यही बताया जा रहा है कि मुर्शीद ने पत्नी को रिवॉल्वर निकालने के लिए कहा था और वह रिवॉल्वर निकाल कर सफाई करने लगी, तभी गोली चल गई। रिवॉल्वर बिंदकी कोतवाली में जमा कराने के लिए निकाला गया था। बताया कि पत्नी के बयान के बाद यह स्पष्ट होगा कि वास्तविक घटना क्या हुई थी।