खागा। संग्रामपुर गांव में रविवार रात नाचने के दौरान एक युवक के दाहिने पैर में गांठ के नीचे गोली लग गई। गोली चलने से भगदड़ मच गई। घायल ने गांव के ही एक युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
खागा कोतवाली के संग्रामपुर गांव निवासी कमल सिंह (28) पुत्र रामकृपाल सिंह के घर के बरामदे में रविवार की रात डीजे लगा था। गांव के कई युवक डीजे पर नाच रहे थे। डीजे पर कमल भी नाच रहा था। तभी गोली चलने की आवाज हुई और कमल चीखने लगा।
गोली कमल के दाहिने पैर के निचले भाग में लगी थी। आनन-फानन परिजन कमल को लेकर कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी दी। कोतवाल आरके सिंह घायल को सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कमल का आरोप है कि डांस के दौरान विवाद हो गया था, तभी साथ में ही नाच रहे युवक ने उसे गोली मारी। कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि गोली दाहिने पैर के निचले हिस्से में पीछे से लगी है। घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। अभी तहरीर नहीं मिली है।
जांच के दौरान पुलिस घर पहुंची तो उसे आरोपी के घर से एक तमंचा व तीन कारतूस मिले। एक जैकेट भी मिली। पुलिस ने तमंचा व जैकेट कब्जे में ले लिया। पुलिस का मानना है कि गोली चलाने वाला आरोपी तमंचा घर में नहीं छोड़कर जाएगा।
जांच में सामने आया है कि जैकेट आरोपी की नहीं है। घटना से पहले पुलिस की जांच में यह सामने आया कि कमल सिंह और आरोपी एक साथ शराब पीते ग्रामीणों को दिखे थे। इनके साथ दो अन्य भी थे। पहले शराब पी और फिर वहां से कमल के घर आए थे।