चौडगरा (फतेहपुर)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में बिसवा भैरब बाबा मंदिर के पीछे जंगल में मंगलवार दोपहर अचानक पेड़ों में आग लग गई। ग्रामीणों की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। किसान अपनी फसल को बचाने के लिए घरों से भागे। जाने का रास्ता न होने से दमकल मौके तक नहीं पहुंच सका।
पड़ोसी गांव पालीखेड़ा निवासी संतराम ने दमकल को सूचना दी। दमकल जंगल में प्रवेश नहीं कर पाई। रास्ता न होने के दमकल कर्मी पैदल जंगल में पहुंचे। ग्रामीणों के साथ पेड़ों की डालियां, मिट्टी, डंडे के सहारे आग बुझाने की कोशिश की गई। हवा तेज होते ही आग विकराल हो जाती रही।
अग्निकांड में करीब दो सौ बीघा जंगल चपेट में आ गया। कंकराबाद निवासी अमरनाथ यादव का बीस बीघे यूके लिप्टस के पेड़ झुलस गए। आग बुझाने में पचखरा, करनपुर, पालीखेड़ा गांव के किसान लोहा सिंह यादव, जय सिंह, प्रधान लालबहादुर, सपा नेता रामबाबू यादव, दयाशंकर, रामशंकर, रामआसरे निषाद, भगवानदीन, अंकित सिंह आग बुझाने में मशक्कत दिखाई। ग्रामीण अपनी खड़ी फसल बचाने के लिए आग फैली देखकर जुटे दिखे। थानेदार विनोद कुमार यादव ने बताया कि आग पर काबू पाया जा सका है।
किशनपुर थाने के सरौली गांव के कनझिआई जंगल में मंगलवार को अचानक आग लग गई। ग्रामीण खेत बचाने को दौड़कर पहुंचे। एक हफ्ते में तीसरी बार जंगल मे आग लगी है। किसी तरह से आग पर काबू पाया जा सका। गांव के निरंजन कोरी की खेत में कटी फसल आग की चपेट में आई। ग्रामीणों की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। करीब बीस बोझ कटी गेहूं की फसल जलकर बर्बाद हो गई। करीब दो बीघा फसल काटने के बोझ इकट्ठा थे।
पीड़ित ने बताया कि जंगल में महुआ के काफी पेड़ हैं। महुआ बीनने के लिए पेड़ से झड़ी पत्तियों में लोग आग लगा देते हैं। तेज हवा चल रही है। आग की चिंगारी से खेत में आने से आग लग जाती है। दूसरी घटना में खखरेरू थाने के कोट और नसीरपुर गांव में गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों ने दमकल को सूचना दी। थानेदार अनूप सिंह ने बताया कि करीब बीस बीघा फसल जली है। राजस्वकर्मी मौके पर नुकसान का जायजा लेने पहुंचे हैं। ग्रामीणों ने दमकल के पहुंचने से पहले नलकूप चलाकर आग पर काबू पा लिया।
शहर के उमरी गांव में ट्रांसफार्मर का तार टूटने से निकली चिंगारी से फसल में आग लग गई। घटना में कालीचरण पाल के डेढ़ बीघा और प्रेमलाल साहू की एक बीघा फसल जल गई। ग्रामीणों की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। मलवां थाना क्षेत्र के नरपतपुर गांव में आग लगने से रवींद्र पाल सिंह, श्रवण कुमार सिंह, अरविंद पाल सिंह, राम प्रसाद रैदास की कुल मिलाकर सात बीघा फसल जलकर राख हो गई। नरपतपुर और जखनी गांव के ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग बिजली तार में शार्ट सर्किट से लगी है। संवाद