असोथर (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के बजहा कुटी नट का डेरा मजरे सातों धरमपुर निवासी शहंशाद ने गांव के रहने वाले प्रयागराज में तैनात सिपाही समेत नौ लोगों के खिलाफ घर में घुसकर तोड़फोड़, गाली-गलौज की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि सिपाही ने पुलिस विभाग में होने का रौब दिखाते हुए कार्रवाई न होने की धमकी दी।
शहंशाद ने एसपी अभिमन्यु मांगलिक से दो जुलाई को शिकायत की थी। इसमें बताया कि 23 जून की रात करीब आठ बजे गांव के सगे भाई राजेश, इरफान, सिपाही नफीस और अरमान उसके घर के सामने बिरयानी व पुलाव बना रहे थे। विरोध करने पर चारों ने गाली-गलौज की और दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए। जान बचाने के लिए वह छत के रास्ते भाग निकला।
इसके बाद एक जुलाई को घर लौटा। इसकी जानकारी होने पर शाम करीब साढ़े चार बजे चारों पांच अन्य साथियों के साथ तमंचा और लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और गृहस्थी का सामान तोड़फोड़ दिया। शहंशाद ने खुद को कमरे में बंद कर डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस पहुंची और उसे सुरक्षित बाहर निकालकर थाने में शिकायत करने की सलाह दी।
प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि नफीस प्रयागराज में सिपाही है। शुक्रवार को सिपाही समेत नौ लोगों के खिलाफ बलवा, तोड़फोड़ और धमकी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।