खागा (फतेहपुर)। मंगेतर के शादी से इन्कार करने पर शादी के दिन शुक्रवार को फंदे लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने मंगेतर समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की है।
क्षेत्र के सुजानीपुर गांव निवासी ननकी देवी ने बताया कि बेटी पूजा (25) की शादी औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के सराय खाती रजुवामऊ निवासी रामसिंह उर्फ रामू पुत्र रामबालक के साथ तय हुई थी। 19 जून को बरात आनी थी।
आरोप है कि 18 जून को वर पक्ष से तैयारी को लेकर बातचीत की गई तो रामसिंह समेत अन्य ने दहेज में बुलेट और सोने की चेन की मांग रख दी। मांग पूरी न होने पर शादी से इन्कार कर दिया और बरात लेकर नहीं आए। इससे पूजा मानसिक रूप से परेशान हो गई थी और उसने घर में शादी के दिन फंदा लगाकर जान दे दी।
कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रामसिंह उर्फ रामू, पिता रामबालक, मां मखानी देवी और भाई लक्ष्मण निवासी सराय खाती रजुवामऊ थाना अछल्दा जिला औरैया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।