फतेहपुर। किन्नरों का अपहरण कर मारपीट करने के मामले में दूसरे गुट के किन्नरों के खिलाफ थरियांव पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के पक्का तालाब निवासी किन्नर करीना ने आरोप लगाया है कि साथी किन्नर दीपिका, पायल, अन्नू और बड़ी दीपी के साथ टेक्सारी बुजुर्ग गांव में एक शादी समारोह में नेग लेने गई थी। इसी दौरान दूसरे गुट की नरैनी निवासी सरवन उर्फ श्रेया किन्नर, रीना उर्फ धर्मेंद्र और दो अन्य साथियों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर मारपीट कर चारों किन्नरों को कार में अगवा कर किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी गांव ले गए।
आरोप है कि वहां उन्हें बंधक बनाकर दासी बनने के लिए कहा गया और विरोध करने पर फिर से पीटा गया। किसी तरह जान बचाकर वे वहां से भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
दंपती को पीटकर महिला के कपड़े फाड़े, तीन पर प्राथमिकी
फतेहपुर। लकड़ी काटने के विवाद में दंपती के साथ मारपीट और महिला से छेड़थाड़ की गई। राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि मलाका गांव निवासी लवकुश से लकड़ी काटने को लेकर शुक्रवार को कहासुनी हुई थी। इसके बाद लोगों ने समझाकर मामला शांत करा दिया था।
आरोप है कि उसी रात लवकुश भाई रवी और हरिशंकर के साथ उसके घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर लात-घूंसों से पीट दिया। इसके बाद कपड़े फाड़ दिए और छेड़छाड़ की। बीच-बचाव करने आए पति को भी पीटा गया। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।