फतेहपुर। रुपये मांगने पर मूंगफली ठेला संचालक को पीटकर रुपये छीनने वाले स्काॅर्पियो सवार पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हरदौरपुर गांव निवासी रमेश सोनकर चौडगरा चौराहे पर मूंगफली का ठेला लगाता है। पीड़ित ने कोर्ट के माध्यम से दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि आठ नवंबर की रात 10 बजे ठेला बंद कर घर जा रहा था। तभी अदमापुर के विक्रम सिंह भाई अचल सिंह और मीरखपुर के रिश्तेदार विवेक सिंह, विराज सिंह व आशुतोष श्रीवास्तव काली स्काॅर्पियो से पहुंचे और उससे एक किलो मूंगफली मांगी।
इस उसने ठेला बंद करने की बात कही तो स्काॅर्पियो सवारों ने 1500 रुपये छीनकर ठेला पलट दिया और लात-घूंसों व डंडों से पीटा। चौराहे पर खड़े सत्येंद्र सिंह बचाने आए तो उसे भी पीट दिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की और उसका ही शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया।
थानाध्यक्ष सुमित देव पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर शनिवार को स्काॅर्पियो सवार पांच लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट, लूट और मारपीट के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विवेचना के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।