फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र से लगभग 12 वर्ष पूर्व हुए ट्रक चोरी का मुकदमा पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
शहर क्षेत्र के दक्षिणी गौतम नगर निवासी वेद प्रकाश तिवारी ने बताया कि उसकी पत्नी के नाम पर एक ट्रक नंबर यूपी 71 बी 3077 है। जिसको वह स्वयं चलाता था। उन्होंने बताया कि 22 मार्च 2009 को वह ट्रक को कानपुर से लेकर चौड़गरा होकर हमीरपुर मौरंग लेने जा रहा था। साथ में ट्रक का खलासी भगौती प्रसाद मिश्र पुत्र छोटे लाल निवासी ग्राम हरदासपुर (गंगरावल) थाना बकेवर भी था।
गंगरावल रोड किनारे रात्रि करीब 11 बजे ट्रक को खड़ा कर खलासी के साथ उसके घर खाना खाने चला गया। खाने के बाद उसके घर में सो गया। सुबह करीब चार बजे जब वह और खलासी हमीरपुर जाने के लिये ट्रक के पास गए तो मौके पर ट्रक नहीं था। उसने आसपास ट्रक की खोज की लेकिन पता नहीं चल सका। इसकी शिकायत थाना बकेवर में की। आरोप है पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को 25 मार्च 2009 को प्रार्थना पत्र दिया। कोई कार्यवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अब ट्रक चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष जयचंद्र भारती ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।