फतेहपुर। जमीन पर कब्जे के विवाद में मारपीट के मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की है।
असोथर थाना क्षेत्र के मीरापुर मजरे सेमरी गांव निवासी रामसजीवन ने बताया कि उसकी पैतृक भूमि का एसडीएम कोर्ट में मुकदमा चला था। उसके पक्ष में कब्जे का आदेश हो गया था। वह खेत पर 22 जून को मेड़ बांधने गया था।
यहां दूसरे पक्ष के ब्रह्मेश, हरिशंकर, कृपाशंकर, अमन उर्फ दहारू, अभिजीत, आकाश और आलोक लाठी, फवड़ा और कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे। मेड़ बांधने का विरोध कर हमला कर दिया। बचाव में बेटे प्रेमचंद्र, बुधराज और चंद्रशेखर को पीटकर घायल कर दिया।
थाने में सुनवाई नहीं की गई। उसके और पुत्रों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर की थी। एसपी कार्यालय में सुनवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।