असोथर। विद्युत उपकेंद्र के नरैनी और गाजीपुर फीडर के 20 गांवों में 48 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद है। आपूर्ति बंद होने से करीब 25 हजार की आबादी पीने के पानी के संकट से जूझ रही है।
असोथर उपकेंद्र के एक 10 एमवीए के ट्रासंफर में तकनीकी खराबी आ गई है, जिससे शुक्रवार से नरैनी और गाजीपुर फीडर में ब्रेकडाउन है। यह बिजली कटौती किसानों पर भारी पड़ रही है। सभी किसानों को पलेवा के लिए बिजली की जरूरत है । दोनों फीडरों से जुडे करीब 20 गांवों की 25 हजार की आबादी में पीने के पानी का संकट पैदा हो गया है। किसान गौरव सिंह, सूरजभान पाल, राजू तिवारी ने बताया कि बिजली कटौती के कारण किसानी प्रभावित हो रही है। समस्या के बावजूद अधिकारी आंख बंद कर बैठे हैं।
एक्सईएन तृतीय अनिल कुमार का कहना है कि असोथर उपकेंद्रों में किसी तरह की कोई गड़बड़ी की सूचना नहीं है। वह इस मामले को स्वयं दिखा रहे हैं, सूचना व रिपोर्ट सही न देने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।