फतेहपुर के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में जमरावां ग्राम पंचायत के बलबीर का पुरवा गांव में मौजूद ग्रा?
- फोटो : FATEHPUR
हुसैनगंज (फतेहपुर)। पत्नी व बहू से गालीगलौज कर रहे नशेड़ी पिता ने विरोध करने पर बेटे के सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। युवक की मौके पर मौत हो गई। एसपी, सीओ ने मौके पर छानबीन की। पुलिस ने हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। घटना गुरुवार की दोपहर लगभग दो बजे हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बलबीर का पुरवा गांव में हुई।
गुजरात पाल की गांव किनारे किराना की गुमटी है। यहीं पर वह परिवार के साथ छप्पर डालकर रहता है। गुजरात पाल की पत्नी कुसुमा, दूसरे नंबर के बेटे रणवीर उर्फ ननकाई और उसकी पत्नी आरती हैं। तीसरे नंबर का सबसे छोटा बेटा समरवीर (25) अविवाहित था। समरवीर पड़ोसी बारह मील गांव में इलेक्ट्रानिक की दुकान किए था। गुजरात पाल दोपहर में दुकान में शराब के नशे में अपने साथी गांव निवासी बाबू चिकवा के साथ बैठा था। दोनों नशे में थे। किसी बात को लेकर सास कुसुमा और बहू आरती में कहासुनी होने लगी । गुजरात पाल पत्नी और बहू से गालीगलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरती ने देवर समरवीर को फोन किया।
समरवीर घर पहुंचा। उसने पिता का विरोध किया। भाई रणवीर ने बताया कि विवाद के दौरान ही पिता ने भाई को जान से मारने की धमकी दी। उनके बीच हाथापाई होने लगी। अचानक छप्पर के नीचे छिपाकर रखे तमंचे को लेकर पिता बाहर निकले। आरोप है कि पिता को साथी बाबू चिकवा ने गोली मारने के लिए उकसाया भी। गोली लगने के बाद भाई गिर पड़ा। दुकान के बाहर खून फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला। एसपी प्रशांत वर्मा, सीओ सिटी केडी मिश्रा, थानेदार निशिकांत राय पहुंचे। सीओ सिटी ने बताया कि नशे में आरोपी पत्नी और बहू से गालीगलौज व झगड़ रहा था। विरोध करने पर बेटे को गोली मारी है। आरोपी पिता को गिरफ्तार किया गया है। फरार बाबू की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है।