फतेहपुर। तोड़फोड़ की रिपोर्ट दर्ज कराने की खुन्नस में पिता-पुत्रों ने युवक के साथ तमंचे के बल पर मारपीट की। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कलक्टरगंज निवासी स्व. कमल कुमार मिश्रा की पत्नी मुन्नी मिश्रा नहर कॉलोनी की सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को शिकायत में बताया कि बेटे अंकित की बोलेरो में शनिवार रात तोड़फोड़ की गई थी।
मोहल्ले के ही कुछ लोगों के खिलाफ बेटे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी खुन्नस में बुधवार रात मोहल्ले के दीपक त्रिवेदी, पुत्रों राज त्रिवेदी और उज्वल त्रिवेदी के साथ घर के पास उनके बेटे को पकड़ लिया। तीनों तमंचा, कुल्हाड़ी और डंडे से लैस थे।
सभी ने मिलकर बेटे को पीट दिया। जान बचाकर बेटा घर की ओर भागा। तमंचा लेकर दीपक त्रिवेदी ने बेटे को दौड़ा लिया। वह और पुत्री रोली मिश्रा बीच-बचाव में आई। उनसे भी मारपीट की।
पड़ोसियों के आने पर आरोपी भाग गए। घटना का वीडियो भी बनाया गया है। घायल अंकित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।