किशनपुर। विजयीपुर ब्लाक के 21 मजरों वाली ग्राम सभा रायपुर भसरौल का मजरा बहियापुर फिलहाल मुख्य मार्ग से कट चुका है। इसका कारण ये है कि इस गांव को जाने वाली सड़क करीब डेढ़ दशक से नहीं बनी है।
इस पथरीली सड़क पर लोग तो किसी तरह से निकल जाते हैं, लेकिन किसी के बीमार होने पर एंबुलेंस कर्मी इस मार्ग पर चलने से कतराने लगते हैं।
पथरीली सड़क पर चलने को मजबूर बहियापुर के ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान न करने का मन बनाया। इसके साथ ही अपना विरोध दर्ज कराया था।
इस पर अधिकारियों ने गांव आकर लोगों को समझाकर उन्हें मतदान के लिए राजी तो कर लिया लेकिन सड़क का काम एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा। मतदान के बाद कोई अधिकारी दोबारा यहां नहीं पहुंचा।
जनप्रतिनिधि भी जनता से किया गया वादा भूल गए। बहियापुर का यह मार्ग नर्तन डेरा, रघुवर का डेरा, शिवप्रसाद का डेरा को जोड़ता है। अंजना भैरव मोड़ से नहर पटरी से लगी यह सड़क ग्रामीणों के लिए किसी जख्म से कम नहीं है। करीब 10 हजार की आबादी का आवागमन इसी मार्ग पर निर्भर करता है।
बहियापुर गांव के कल्लू बताते हैं कि होश संभालने से लेकर अब तक उन्हें याद नहीं की सड़क का निर्माण कब हुआ है। उनकी याद में तो गांव के लोग अभी तक ऐसी पथरीली सड़क पर ही सफर कर रहे हैं।
बहियापुर गांव के रामलाल पासवान कहते हैं कि हर चुनाव में आने वाले नेता सड़क बनवाने का वादा करते हैं लेकिन न जाने क्यों इसके बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हो रहा है। सड़क बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
रघुवर का डेरा निवासी गजराज निषाद कहते हैं कि बरसात के समय यह सड़क और भी पीड़ा देती है। रात हो जाने के बाद तो वाहन चालक बुकिंग पर गाड़ी गांव में नहीं लाते हैं। एंबुलेंस वाले भी हाथ खड़ा कर देते हैं।
बहियापुर जाकर जल्द ही सड़क का निरीक्षण कर इसके निर्माण का प्रस्ताव भेजा जाएगा। जनता की समस्या का जल्द निराकरण कराया जाएगा। - कृष्णा पासवान, खागा विधायक।
कल्लू - डेढ़ दशक से ध्वस्त पड़ा बहियापुर मार्ग- फोटो : FATEHPUR
रामलखन पासवान - डेढ़ दशक से ध्वस्त पड़ा बहियापुर मार्ग- फोटो : FATEHPUR
गजराज निषाद - डेढ़ दशक से ध्वस्त पड़ा बहियापुर मार्ग- फोटो : FATEHPUR
खागा विधायक कृष्णा पासवान- फोटो : FATEHPUR