खागा। वैवाहिक कार्यक्रम में आतिशबाजी के दौरान छिटककर निकले पटाखों को जमा कर खेल रहे दो बच्चे बारूद में आग लगने से झुलस गए। उनके चेहरे व पैर बुरी तरह से झुलस गए हैं। दोनों को मंगलवार की सुबह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
कोतवाली खागा के खैरापुर (कटोघन) निवासी रीशू (8) पुत्र कृष्णचंद्र व सात वर्षीय लड़की शुभी पुत्री रामचंद्र सोमवार की शाम गांव के कुछ बच्चों के साथ खेल रहे थे।
बताया जा रहा है कि गांव में एक दिन पहले किसी के घर में वैवाहिक कार्यक्रम था, इसमें आतिशबाजी की गई थी। इसके पटाखों के लड़ी से कुछ पटाखे छिटककर निकल गए थे, जिन्हें यह बच्चे उठाकर ले आए।
इन पटाखों का बारूद एक कागज पर ये बच्चे जमा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बच्चे ने बारूद में आग लगा दी। जिसकी चपेट में आने ने रीशू व शुभी का चेहरा और पैर बुरी तरीके से झुलस गए। परिजन उन्हें पहले प्राइवेट अस्पताल ले गए। इसके बाद मंगलवार सुबह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।