महरहा में नाली किनारे जमा गंदगी। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
बिंदकी। महरहा गांव में पांच महीने से सफाई कर्मचारी तैनात नहीं है। इससे गांव में जगह-जगह गंदगी फैली है। इस गंदगी से गांव में संक्रामक बीमारियों का खतरा पैदा हो गया है।
मलवां ब्लाक के महरहा गांव की सफाई कर्मचारी बसंती का पांच माह पहले तबादला हो गया था। इसके बाद से गांव में दूसरे सफाई कर्मचारी की तैनाती नहीं हुई। इससे गांव गंदगी से पट गया है। सड़कों के किनारे गंदगी के ढेर लगे हैं। सिल्ट सफाई न होने से नालियां उफना रही हैं। गंदगी और दुर्गंध के कारण ग्रामीणों पर बीमारियों के खतरा बना है।
ग्रामीण जयप्रकाश नारायण तिवारी, प्रमोद, अभिषेक तिवारी का कहना है कि मामले की शिकायत ग्राम प्रधान और बीडीओ से की गई, लेकिन सफाई कर्मचारी की तैनाती नहीं हुई।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रजत शुक्ला ने बताया कि सफाई कर्मचारी की तैनाती के लिए कई बार अधिकारियों को लिखित दिया गया है। मलवां बीडीओ पारुल कटियार ने बताया कि जल्द गांव में सफाई कर्मचारी की तैनाती होगी। उसके पहले सफाई कर्मियों की टीम गांव भेजकर सफाई कराई जाएगी।