फतेहपुर। राइस मिल में चावल का परीक्षण करने के लिए आए तेलंगाना के सर्वेयर की मंगलवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने से रोका है। परिजनों के आने पर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जाएगी।
तेलंगाना नगोड़ा यारसनिगुडैम कटमूर मंडल निवासी आलदा लिंगसवैनी (36) एक्सपोर्ट इंपोर्ट कंपनी के सर्वेयर थे। वह चावल का परीक्षण करने के लिए मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा फैक्टरी एरिया बरौरा शनिवार को आए थे। वह फैक्टरी में ही रुके थे।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह फैक्टरी से बाहर निकले और अचानक बेहोश होकर गिर गए। फैक्टरी प्रशासन की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल लाया गया।
जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि उनके साथ के कुछ लोगों ने पोस्टमार्टम कराने की तहरीर दी है।
मृतक के परिवार का कोई सदस्य साथ नहीं है। मृतक के परिजनों को सूचना भेजी गई है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। राइस मिल के संचालक फारूख हैं। सर्वेयर की मौत हार्टअटैक से होने की संभावना जताई जा रही है।