फतेहपुर। अपंजीकृत तीन नर्सिंग होम के संचालकों और डॉक्टरों के खिलाफ मंगलवार रात मुकदमा दर्ज किया गया है। नर्सिंग होमों के अवैध संचालन के मामले की एसीएमओ ने चार अक्तूबर को तहरीर दी थी।
इसके बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। मामले को अमर उजाला ने 25 अक्तूबर के अंक में प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसीएमओ डॉ.एसपी जौहरी ने 28 अगस्त को छापेमारी की थी। जिसके बाद तीन नर्सिंग होमों के खिलाफ सदर कोतवाली और थरियांव थाने में तहरीर दी थी।
मामले में एसीएमओ की तहरीर पर शहर के लोधीगंज स्थिति आलोक नर्सिंग होम के डॉ. सूर्य कुमार, प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, लोधीगंज में ही संचालित दीप नर्सिंग होम के डॉ. पंकज कुमार, प्रबंधक बाबू सिंह पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
थरियांव पुलिस ने आमापुर के अवनी नर्सिंग होम के प्रबंधक अर्जुन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के दौरान धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
नर्सिंग होम का वीडियो वायरल
फतेहपुर। शांतिनगर इलाके के एक नर्सिंग होम में सामने गेट का ताला बंद होने का वीडियो वायरल हुआ है। चर्चा है नर्सिंग होम में एक महिला की हालत बिगड़ने पर विवाद हुआ था। इसके बाद मेन गेट में ताला लगा दिया गया। नर्सिंग होम का संचालक पीछे के दरवाजे से किया जाता रहा है। पीछे के दरवाजे से नर्सिंग होम के संचालन का वीडियो वायरल हुआ है।