खागा। नगर में नौबस्ता बाईपास के पास से कब्जों के हटने के बाद हाईवे को सिक्स लेन करने का काम शुरू हो गया है। दोनों तरफ सर्विस लेन बनाने का काम पीएनसी कंपनी ने चालू कर दिया है। सर्विस लेन बनने के बाद ओवरब्रिज की वॉल का निर्माण होगा और दिसंबर के अंत तक इसे चालू कर दिया जाएगा।
पिछले सप्ताह नौबस्ता बाईपास चौराहे के उत्तरी छोर पर बने मकानों व दुकानों को प्रशासन की मदद से एनएचएआई ने हटाया था। ये मकान व दुकानें चौड़ीकरण में बाधा बने थे।
एनएचएआई की ओर से इन्हें मुआवजा दिया जा चुका था। मकान व दुकानें टूटते ही हाईवे का सिक्स लेन निर्माण शुरू हो गया है। अतिक्रमण हटाने का काम नौबस्ता बाईपास से आगे प्रयागराज की ओर बढ़ रहा है। इसके दायरे में क्षेत्रीय वन विभाग की चहारदीवारी भी आ गई है। जिसे देखते ही वन विभाग ने नई बाउंड्री का निर्माण शुरू करा दिया है।
निर्माण कंपनी की ओर से दोनों तरफ करीब सात-सात मीटर चौड़ी सर्विस लेन बनाई जा रही है। नौबस्ता चौराहे से प्रयागराज और कानपुर की ओर 800-800 मीटर लंबी होगी। सर्विस लेन का काम 10 नवंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद तैयार खड़े ओवरब्रिज के दोनो तरफ ब्लाक लगाकर वॉल बनाई जाएगी। वॉल का निर्माण दिसंबर के अंतिम सप्ताह में पूरा हो जाएगा। इसके बाद ओवरब्रिज को चालू कर दिया जाएगा।
जाम और धूल से मिलेगी राहत
कानपुर से प्रयागराज के बीच सफर करने वाले लोगों का सफर जल्द सुगम हो जाएगा। सर्विस लेन बनने के बाद काफी हद तक धूल और जाम की समस्या दूर हो जाएगी। इसके अलावा दिसंबर के अंत तक जब ओवरब्रिज चालू हो जाएगा तो बिना कहीं रुके वाहन फर्राटा भर सकेंगे।
जहां आंगन और दुकानें थीं, वहां अब बन रहा हाईवे
नौबस्ता बाईपास चौराहे पर जिस जगह से पिछले हफ्ते मकान और दुकानों को हटाया गया। वहां पर हाईवे को चौड़ा करने का काम चालू है। आसपास के लोग अब उस जगह को देखकर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कभी यहां बनीं दुकानों में वह खरीदारी करते थे। जो लोग यहां बने मकानों में रहते थे और आंगन में बच्चे खेलते थे, वहां अब गिट्टी डालकर सड़क बनाई जा रही है।
सर्विस लेन का काम हरहाल में 10 नवंबर तक पूरा हो जाएगा। अगर दिवाली का अवकाश न होता तो काम और पहले पूरा हो जाता। सर्विस लेन बनने के तुरंत बाद इसे चालू कर दिया जाएगा।
इसके बाद ओवरब्रिज की वॉल का निर्माण होगा। कब्जे न हटने के कारण अभी तक यह काम रुके पड़े थे, लेकिन अब बाधा दूर हो गई है। दिसंबर के अंत तक हरहाल में ओवरब्रिज को चालू कर दिया जाएगा। ओवरब्रिज के शुरू होने से जाम की समस्या हमेशा के लिए लगभग खत्म हो जाएगी। - अनुज तिवारी, प्रबंधक प्रशासन, पीएनसी इंफ्राटेक लिमिटेड।
नौबस्ता बाईपास से शुरू हुआ सिक्स लेन निर्माण। संवाद- फोटो : FATEHPUR